बिना बारूद की एक विस्फोटक आत्मकथा

बिना बारूद की एक विस्फोटक आत्मकथा 

राजनीतिक नेताओं की आत्मकथा का सिलसिला नया नहीं है। कुछेक का जिक्र करूं तो भी वह सूची बहुत लंबी है। महात्मा गांधी द्वारा लिखित ‘सत्य के प्रयोग’ विश्व की सबसे प्रसिद्ध आत्मकथाओं में से एक है। वहीं पंडित जवाहरलाल नेहरू की ‘मेरी कहानी’ 1904 से 1935 के बीच जेल में रहते हुए लिखी थी जिसमें प्रारंभिक जीवन, स्वतंत्रता संग्राम और उस समय के राजनीतिक प्रसंग का जीवंत चित्रण मिलता है जबकि अब्दुल कलाम आजाद की  ‘भारत की खोज (इंडिया विन्स फ्रीडम) भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और विभाजन का ऐतिहासिक दस्तावेज है। इसी क्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की ‘अधूरी आत्मकथा’, डॉ एपीजे अब्दुल कलाम का ‘विंग्स आफ फायर’ में एक साधारण परिवार से निकाल कर भारत के अंतरिक्ष और राष्ट्रपति भवन तक पहुंचाने की उनके संघर्षपूर्ण यात्रा युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी की ‘माय कंट्री, माय लाइफ’, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ‘द कोएलिशन ईयर्स, पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल की ‘मैटर आफ डिस्क्रेशन’, पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की ‘हाफ लायन’  एवं  ‘द इनसाइडर’ एक राजनीतिक उपन्यास के रूप में लिखा गया था। पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की ‘वन लाइफ इज नॉट इनफ’ काफी चर्चा में रही। शरद पवार की ‘ऑन माय टर्म’ भी महत्वपूर्ण आत्मकथा है। यह लिखना अप्रासंगिक नहीं होगा कि मैं भी इन्हीं महापुरुषों व राजनेताओं की कृतियों से प्रेरित होकर 6 वर्ष पूर्व ‘यादों के उजाले’ अपनी आत्मकथा लिखने का अदना सा प्रयास था। हालांकि मैं बहुचर्चित नेताओं से अपनी तुलना की धृष्टता करने की सोच भी नहीं सकता पर अपनी कहानी अपनी जुबानी लिखने की जोखिम और साहस को आत्मसात कर चुका हूं। 

हाल फिलहाल कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पत्नी श्रीमती सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर पूरे देश में हंगामा मचा हुआ है। वरिष्ठ पत्रकार एवं मेरे मित्र श्री विनोद अग्निहोत्री (सलाहकार संपादक, अमर उजाला) का यह कहना है कि सोनिया जी की यह पुस्तक सर्वाधिक बिक्री का रिकॉर्ड तोड़ सकती है और उनकी मांग 10 -11 करोड़ तक पहुंचेगी। 

सोनिया गांधी की आत्मकथा मूलत: एक प्रेम कथा है। एक 18 साल की लडक़ी किसी छात्र से मिलती है और उसे अपना दिल दे बैठती है राजीव गांधी को सोनिया ने स्वयं प्रपोज किया था। व्यस्क नहीं होने के कारण उन्हें दो-तीन साल राजीव से विवाह बंधन में बनने के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ी। राजीव के प्रति प्रणय प्रसंग में समर्पण की भावना उनकी आत्मकथा में स्पष्ट रूप से परिलक्षित है। इस पुस्तक में सोनिया गांधी ने अपनी व्यक्तिगत भावनाओं को शब्द दिए हैं। चाहे वह राजीव गांधी के साथ उनके निजी प्रसंग का जिक्र हो या गांधी परिवार के विभिन्न व्यक्तियों के साथ में उनके अन्तर्सम्बन्ध। बहुत कम ऑटोबायोग्राफी में लेखक अपने निजी संबंधों को इतनी बारीकी से उकेरता है। अत: ‘बिलॉन्गिंग एनर्जी आफ लव’ सिर्फ सोनिया गांधी की आत्मकथा नहीं है यह एक किताब है जिसके हर पन्ने पर निजी यादों के साथ राजनीति की छाया है और जिसके रिलीज में पहले ही प्रकाशन विवाद ने उसे देश की सबसे चर्चित किताबों में शामिल कर दिया। यह एक राजनीतिक युग की पूरी कहानी है। निजी दर्द, परिवार की त्रासदियों और सत्ता के दशकों के अनुभव को समेटती यह किताब हार्पर कॉलिन्स इंडिया से बाजार में आई है, लेकिन उससे पहले ही उसके पब्लिशर बदलने के विवाद ने इसे राष्ट्रीय बहस का केंद्र बना दिया है। 544 पन्नों की आत्मकथा में सोनिया गांधी ने अपनी इटली से भारत तक की यात्रा, इंदिरा गांधी की हत्या के बाद बदलते जीवन और राजीव गांधी की हत्या जैसे मार्मिक दौरों को छुआ है। हालांकि जिस किताब को वे राजनीति नहीं, बल्कि निजी जीवन से जुड़ी बताती हैं, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आरएसएस और चीन की घुसपैठ जैसे मुद्दों के जिक्र ने उसे राजनीतिक अखाड़े में उतार दिया है।

राजनीतिक मुद्दों के उल्लेख के साथ सोनिया गांधी ने मां की ममता का भी बारीकी से उल्लेख किया है। भारत जोड़ों यात्रा के दौरान कश्मीर में राहुल गांधी की सुरक्षा घेरा अचानक गायब हो गया था, जिसको लेकर वह बहुत घबरा गई थी। उन्होंने यह भी लिखा कि राहुल के आसपास उमड़ी भीड़ के बीच सुरक्षाकर्मियों की गैर मौजूदगी देखकर उनकी चिंता घबराहट में बदल गई थी। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा ने अपनी आत्मकथा में दो बार कैंसर से जूझने के अनुभव साझा करते हुए कहा कि साल 2010 में ब्रेस्ट कैंसर की आशंका के चलते उनका ऑपरेशन हुआ था। बहुत कम लोगों को शायद यह जानकारी है कि अपने पहले बच्चे को खोने का गहरा दर्द पहली बार उन्होंने सार्वजनिक रूप से साझा किया है। जिसकी समय से पहले जन्मे बेटे की महज एक दिन बाद मौत हो गई थी। 

सोनिया गांधी ने आत्मकथा में लिखा है कि हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन मेरे अभिभावक की तरह थे। राजीव के साथ विवाह से पूर्व दिल्ली में बच्चन परिवार के घर पर बिताए गए दोनों का विस्तार से आत्मकथा में जिक्र है। उन्होंने बताया है कि राजीव से लंबे समय तक दूर रहने के बावजूद दोनों को अपने प्रेम और रिश्ते पर पूरा भरोसा था और इसी वजह से वह पहली बार भारत आई थीं। 13 जनवरी 1968 को सुबह 5: 15 पर विमान से नई दिल्ली पहुंची थी। हवाई अड्डे पर उन्हें लेने राजीव गांधी, उनके भाई संजय गांधी और उनके मित्र अमिताभ बच्चन पहुंचे थे।

इस आत्मीय एवं निजी बातों के साथ सोनिया गांधी ने यह भी लिखा है कि प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर वह आंतरिक रूप से असमंजस में थी। उनके मन का एक हिस्सा इस विचार को पूरी तरह खारिज कर रहा था जबकि दूसरा हिस्सा पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कर रहा था जिन्हें उनके इंकार से निराशा होती। सोनिया लोकसभा चुनाव से पहले हुई एक बातचीत को याद करते हुए लिखा चुनाव से कुछ महीने पहले मैंने अपने बच्चों के साथ इस संभावना पर चर्चा की थी कि मैं प्रधानमंत्री बन सकती हूं। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों ही नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बने। 

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने पुस्तक में अपनी सास इंदिरा गांधी के स्वभाव के बारे में भी खुलासा किया है। मुझे सबसे ज्यादा डर अपनी सास के कभी कभार अचानक गुस्से से आ जाने से लगता था। सोनिया ने लिखा कि इंदिरा गांधी किसी से नाराज होने पर उससे बात बंद कर देती थी और उसे नजरअंदाज करती थी जिससे वह व्यक्ति कई दिनों तक असमंजस में रहता था। सोनिया ने लिखा उनके इस तरह गुस्सा होने से मैं घबरा जाती थी। राजीव और संजय उस अप्रिय स्थिति के समाप्त  होने का चुपचाप इंतजार करते थे। राजीव की मौत का जिक्र करते हुए सोनिया लिखती है कि जब पार्थिव अवशेष दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ले गए तो वह उन्हें आखिरी बार देखने की तीव्र इच्छा हुई। 

उन्हें यह भी याद आया कि राजीव ने अपनी मां की तरह आंखें दान करने का फैसला किया था। मुझे किसी को उनकी इच्छा के बारे में बताना था। मुझे अपने पारिवारिक चिकित्सक का ध्यान आया। डॉक्टर ने जवाब दिया आंखें? अरे क्या बात करते हो कुछ नहीं बचा है। कुछ भी नहीं। इस जवाब ने मुझे ऐसा झटका दिया कि मेरा जी मिचलाने लगा। मुझे उल्टी जैसा महसूस हुआ। मैं सांस नहीं ले पा रही थी। मैं मर जाना चाहती थी। 

79 साल की सोनिया गांधी ने इटली की एक छोटे से गांव से निकलकर दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश भारत की राजनीति के केंद्र तक सफर तय किया। वह उस राजनीतिक परिवार की मुखिया बनी जिसने आजादी के बाद से भारत के इतिहास को काफी हद तक आकार दिया है। यह एक ऐसी किताब बन जाती है जिसे पढ़ते हुए पाठक एक ही साथ व्यक्तिगत इतिहास और समकालीन सत्ता संघर्ष दोनों की गूंज सुनता है।

विपक्ष की बौखलाहट शायद इसलिए हो सकती है कि इस पुस्तक को देश के जेन-जी ने पसन्द किया है। उन्हें प्रेम, समपर्ण एवं कठिन परिस्थितियों में उसके निर्वाह ने कम उम्र के युवाओं को आकर्षित किया है ठीक वैसे ही जैसे फिल्म बॉबी ने बॉक्स ऑफिस में राज कपूर की झोली भर दी थी।

Comments